सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर में जवाहर पार्क में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कुशासित, भ्रष्टाचारी, निकम्मी कांग्रेस सरकार से केंद्र से मिल रहा प्रसाद पिछले तीन वर्षों से हिमाचल में नहीं पहुंचने दिया है। केंद्र सरकार ने प्रदेश को 71 नेशनल हाईवे दिए। जिसमें 13 मंडी को दिए गए हैं। लेकिन, प्रदेश सरकार इस सौगात के लिए अभी तक डीपीआर भी तैयार नहीं कर सकी है। अब प्रदेश की जनता ने डीपीआर तैयार करने वाली प्रेम कुमार धूमल की सरकार बनाने की तैयारी कर ली है। केंद्र सरकार को समय पर डीपीआर बनाकर दे सके, इसके लिए हिमाचल में भाजपा सरकार का सत्ता में आना जरूरी है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी की सरकार में हिमाचल को विशेष पैकेज मिलता था। लेकिन, यूपीए सरकार ने यह हक भी हिमाचल से छीन लिया था। अब मोदी सरकार ने सत्ता में आते ही हिमाचल को विशेष औद्योगिक पैकेज दिया है। प्रदेश में तीन नए मेडिकल कॉलेज, एम्स और सुंदरनगर में मातृ शिशु अस्पताल दिया है। लेकिन, प्रदेश सरकार की नाकामियों से सूबे में कई कार्य अटके पड़े हैं। मंडी को क्लस्टर यूनिवर्सिटी की सौगात भी केंद्र ने दी लेकिन इस पर प्रदेश सरकार ने राजनीति की। उन्होंने कहा कि मुद्दों और तर्क वितर्क की राजनीति करने की बजाए कांग्रेस कुतर्क और समस्याओं को उलझाने की राजनीति में ही अपने कार्यकाल के दौरान व्यस्त रही।