जंजैहली (मंडी)। राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में सिराज विकास खंड के तहत शोधाधार स्कूल की छात्रा बबली ने बेहतर प्रदर्शन किया है। इसके आधार पर छात्रा का चयन नेशनल कबड्डी टीम में हुआ है। छात्रा बूग रैलचौक पंचायत के भलवाड़ गांव की रहने वाली है। राष्टीय स्तर की कबड्डी टीम मेें उसका चयन होने से स्कूल और उनके गांव में खुशी की लहर है। छात्रा ने इस कामयाबी का श्रेय अपने शिक्षकों और माता-पिता को दिया है। अक्तूबर में हुई राज्यस्तरीय खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर 12 वर्षीय छात्रा ने यह मुकाम हासिल करके क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्रा के पिता दिनेश कुमार ने बताया कि उनकी बेटी कबड्डी और खो-खो में ज्यादा रुचि रखती है, जिस कारण उसने सरकाघाट मेें हुई राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया है। पिता ने इसके लिए शारीरिक अध्यापक जितेंद्र कुमार और मुख्याध्यापक हेमराज कौंडल का धन्यवाद किया है।