मंडी। द फिनिक्स स्कूल ऑफ इंटिग्रेटिड लर्निंग बैहना में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्कूल के चेयरमैन सुरेंद्र चौधरी और प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने इसमें बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में नर्सरी और प्रेप कक्षा के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में बच्चों के अभिभावकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इस दौरान नन्हे बच्चे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नए-नए ड्रेस पहनकर आए। उनके ड्रेस देखकर सभी हैरान रह गए। बच्चों पर यह परिधान बेहद सुंदर लग रहे थे। अभिभावक और अध्यापक भी बच्चों की पसंद देखकर चकित रह गए। इस मौके पर प्रतियोगिता स्थल भी आकर्षक दिखाई दे रहा था। स्पर्धा में कक्षा प्रेप के कार्तिक ठाकुर ने प्रथम स्थान, रिधि राजपूत ने दूसरा स्थान तथा अर्चित और उपासना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, कक्षा नर्सरी की बैशाली ठाकुर ने पहला स्थान, सक्षम और परिधि ने दूसरा स्थान, हार्दिक और अक्षिता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। स्कूल प्रबंधन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता को अभिभावकों ने एक सराहनीय कदम बताया। स्कूल के चेयरमैन और प्रधानाचार्य ने भी बच्चों की तारीफ करते हुए उन्हें आगे भी इस तरह की प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़कर भाग लेने को कहा।