मंडी। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान सेरी मंच पर पहली बार सामूहिक कन्या पूजन होगा। नौ मार्च को एक साथ 1008 कन्याओं को पूजा जाएगा। उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि सेरी मंच पर जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत सामूहिक कन्या पूजन का आयोजन किया जाएगा। कन्या पूजन समारोह में 1008 कन्याओं का एक साथ पूजन करवाया जाएगा। सभी कन्याएं एक ही तरह के परिधान में होंगी और उन्हें 112 समूहों में बिठाया जाएगा। एक समूह में 9 कन्याएं शामिल होंगी। कन्या पूजन के दौरान सर्व देवता सेवा समिति मंडी की ओर से देवियों की उपस्थिति और पूजन भी किया जाएगा। इस मौके पर सर्वप्रथम हवन होगा और उसके पश्चात विधि विधान के साथ देवियों का पूजन किया जाएगा। इसमें भाग लेने वाले 112 व्यक्तियों द्वारा एक साथ कन्या पूजन आरंभ किया जाएगा। कहा कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने और उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का उपायुक्त कार्यालय के अधिकृत फेसबुक पेज पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। कहा कि सामुदायिक सहभागिता से आयोजित इस सामूहिक कन्या पूजन में यदि कोई व्यक्ति अथवा दंपती भाग लेना चाहते हैं तो वह 5100 रुपये का सहयोग देकर 9 कन्याओं के एक समूह की पूजा कर सकता है। कन्या पूजन के इस महायज्ञ में भाग लेने वाले इच्छुक व्यक्ति अपना पंजीकरण स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आईसीडीएस पर्यवेक्षक, बाल विकास परियोजना अधिकारी के माध्यम से अथवा स्वयं व्यक्तिगत तौर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी मंडी के पास करवाएं।
000