रिवालसर (मंडी)। दो अक्तूबर को मंडी में प्रस्तावित सेना भर्ती के फार्म रिजेक्ट होने से सैकड़ों युवा हताश हैं। ऑनलाइन आवेदन फार्म में कमियां रहने के कारण यह फार्म रिजेक्ट हुए हैं। ऑनलाइन फार्म में गलतियों को दुरुस्त करने के लिए युवाओं को 45 दिन का समय दिया गया था, लेकिन साइबर कैफे संचालकों की गलतियां इन युवाओं पर भारी पड़ी हैं। जिला के युवाओं हितेश करसोग, ज्योति चंदेल और नवनीत सदर मंडी, अमन एवं किशन सरकाघाट, नवनीत राणा कुल्लू, अजय बल्ह तथा चच्योट के तनुज का कहना है कि उन्होंने निर्धारित समय सीमा में फार्म भरे थे। किन्हीं कारणों से उनके फार्म रिजेक्ट हुए हैं। युवाओं ने सांसद रामस्वरूप शर्मा, डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर और सेना भर्ती अधिकारी सोमराज गुलेरिया से गुहार लगाई है कि उन्हें इस भर्ती में मौका दिया जाए। जिन युवाओं के फार्म रिजेक्ट हुए हैं वे गरीब परिवार से संबंधित हैं और एक साल से सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे। युवाओं ने मांग की कि उन्हें भर्ती रैली में प्रवेश दिया जाए। मंडी के सांसद रामस्वरूप ने कहा कि मामला उनके ध्यान में लाया गया है। वह इस मसले पर रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार और सेना के उच्च अधिकारियों से बात कर करेंगे। उधर, सेना भर्ती अधिकारी सोमराज गुलेरिया ने कहा कि साइट में कोई दिक्कत नहीं है। फार्म में गलतियों में सुधार का मौका अभ्यर्थियों को दिया गया था, लेकिन आवेदन में कमियों के चलते यह फार्म रिजेक्ट हुए हैं।
000