गोहर (मंडी) । देवी-देवताओं के आगमन के साथ सोमवार को जिला स्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। नाचन के विधायक विनोद कुमार ने बैलों की पूजा अर्चना करने के बाद खूंटा गाड़कर ख्योड़ नलवाड़ मेले का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने मेले में आए देवी-देवताओं का भी पूजन किया। लोक निर्माण विभाग के बासा विश्राम गृह में मुख्य अतिथि समेत प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य लोगों ने रंग बिरंगी पगड़ियां पहनी और बैंड बाजे के साथ बासा विश्राम गृह से भव्य जलेब मेला स्थल की ओर रवाना हुई। मेला स्थल पर पहुंचते ही जलेब का बासा पंचायत की प्रधान कमला शर्मा ने स्वागत किया। जिसके बाद मुख्य अतिथि ने बैलों की पूजा अर्चना की ओर खूंटा गाड़कर मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर विधायक विनोद कुमार ने कहा कि ख्योड़ मेेला नाचन क्षेत्र की प्राचीन संस्कृति का परिचायक है। उन्होंने कहा कि ख्योड़ मेला स्थल पर मेले के संस्थापक पंडित हल्लायुद्ध शर्मा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। विधायक ने कहा कि बासा पंचायत में शौचालय का निर्माण किया जाएगा और स्टेज के साथ चारदीवारी भी बनाई जाएगी। विधायक ने मेले में लगी सरकारी विभागों की प्रदर्शनियों का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर डीएवी स्कूल गोहर की छात्राओं ने स्वागत गीत और नान स्टाप नाटियां प्रस्तुत की। ख्योड़ मेले के शुभारंभ अवसर पर नाचन भाजपा मंडल अध्यक्ष रविंद्र राणा, मेला कमेटी की प्रधान कमला शर्मा, उपप्रधान उमेश कुमार, महामंत्री हुकम ठाकुर, राहुल शर्मा, पंकज ठाकुर, हरीश ठाकुर, एसडीएम अनिल भारद्वाज, एसडीओ विश्वजीत राणा, लोनिवि के अधिशासी अभियंता रमेश खालसा, धीरज गुप्ता, गिरधारी लाल, वेद शर्मा समेत अनेक लोगों ने भाग लिया।