सरकाघाट(मंडी)। मुख्य सचिव विनीत चौधरी ने बुधवार को बिलासपुर दौरे के दौरान एक ईंट शहीद के नाम अभियान के तहत मंडी जिला के सरकाघाट में शहीद पवन कुमार के नाम पर बनने वाले स्मारक के निर्माण के लिए ईंट भेंट की। इस मौके पर मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के लोग एक ईंट शहीद के नाम अभियान में अपना भरपूर समर्थन दे रहे हैं। जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शहीद स्मारक का निर्माण कर भावी पीढ़ी को शहीदों द्वारा देश के लिए दी गई कुर्बानियों के बारे में अवगत करवाना है। एक ईंट शहीद के नाम अभियान के संयोजक संजीव राणा ने कहा कि लोगों के सक्रिय सहयोग से हरियाणा के कुरुक्षेत्र तथा करनाल में युद्ध स्मारक का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में निर्माणाधीन युद्ध स्मारक के लिए लोगों द्वारा निर्माण सामग्री को दान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ईंट शहीद के नाम अभियान के अंतर्गत अब तक 45 ग्राम पंचायतों से 45 हजार ईंटे प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि स्मारक निर्माण के लिए एक ईंट व निर्माण सामग्री ही ली जा रही है। इसके लिए नकद राशि स्वीकार नहीं की जा रही है।