धर्मपुर (मंडी)। आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने ग्राम पंचायत डरवाड़ के अनस्वाई गांव में उपमंडल स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर पीपल का पौधा रोपित किया। इस मौके पर उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जंगलों में कुछ स्थान चिन्हित कर फलदार पौधे लगाएं, जिससे जंगली जानवर गांव की ओर आकर्षित न हों। उन्होंने अधिकारियों को अपनी नर्सरियों में पौधे तैयार करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि बागवानी परियोजना के तहत विदेशों से पौधे मंगवाए जा रहे हैं, जिनकी कीमत 300-400 रुपये प्रति पौधा है। इन्हें बागवानों को 25 रुपये की दर से उपलब्ध करवाया जाएगा। पौधे रोपने और बाड़बंदी का व्यय भी सरकार ही वहन करेगी। उन्होंने कहा कि सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के लिए 4.751 करोड़ रुपये की एक योजना स्वीकृत की गई है, जिसके पहले चरण में धर्मपुर, सुजानपुर, हमीरपुर, लड़भडोल तथा साथ लगते क्षेत्रों में इसका शुभारंभ किया जाएगा। अरण्यपाल उपासना पटियाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि वन महोत्सव में 2 हेक्टेयर भूमि पर 800 पौधे रोपित किए गए। मंडी जिला में इस वर्ष 106 स्थानों पर 3 लाख 55 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर डरवाड़ पंचायत की प्रधान लता ठाकुर, सजाओपिपलू पंचायत के प्रधान कमलेश ठाकुर, वन मंडलाधिकारी मुंशी राम और राज कुमार, वन क्षेत्राधिकारी ठाकुर दास, लाल चंद, समाजसेवी सोहन सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
000