सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर यहां नरेश चौक पर शुक्रवार रात वोल्वो से साथ टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल युवक की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया है। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे मनाली से दिल्ली जा रही वोल्वो बस (यूपी78डीएन/2842) के साथ यहां नरेश चौक पर बाइक (एचपी 31/8037) की टक्कर हो गई। टक्कर में बाइक सवार दो युवक नेत्र सिंह (42) निवासी स्वाड़ मोहल्ला पुराना बाजार सुंदरनगर और सुरेंद्र (47) निवासी रडा डाकघर धारंडा सुंदरनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक जांच के उपरांत चिकित्सकों ने नेत्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि सुरेंद्र को उपचार के बाद नाजुक हालत के चलते चंडीगढ़ पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया। डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच आरंभ कर दी है। एसडीएम राहुल चौहान ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को फौरी सहायता के रूप में 10 हजार की राशि प्रदान की जा रही है। इधर, विधायक राकेश जम्वाल ने इस हादसे पर शोक जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।