जोगिंद्रनगर (मंडी)। ढेलूहार गांव में बिजली गिरने से पांच घरों के मालिकों को लगभग पांच लाख का नुकसान हो गया है। इस घटना में एक गर्भवती गाय की मौत हो गई जबकि, एक तीन वर्षीय बच्चा बिजली गिरने से बाल-बाल बच गया। बिजली गिरने से ग्रामीणों में अफरा तफरी का माहौल हो गया और जान बचाने के लिए सभी घरों से खुले की ओर निकल गए। ढेलू पंचायत के प्रधान राजेश कुमार और पंचायत सचिव पूर्ण सिंह ने कहा कि उनकी पंचायत के गांव ढेलू हार में बुधवार शाम बिजली गिरने से मंगतराम की दुधारू गाय की मौत हो गई और साथ लगते अन्य चार घरों को भी नुकसान हुआ है। तीन साल का बालक कार्तिक भी बाल-बाल बच गया। उन्होंने कहा कि इसके अलावा साथ लगते बिशनदास, ध्यानसिंह, रामू, राजेश कुमार और मंगतराम के मकानों में भी भारी नुकसान हुआ है। बिजली गिरने के चलते इन लोगों के घरों में जहां दरारें पड़ गईं वहीं, घर में रखे टीवी, फ्रिज, बिजली मीटर, बिजली की तारें बुरी तरह से जल गई हैं। पंचायत प्रधान राजेश कुमार ने कहा कि इन पांचों मकानों का लगभग पांच लाख का नुकसान हो गया है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को जल्द उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। मौके पर पुलिस पहुंच गई है और पंचायत प्रधान सहित सचिव तथा पंचायत प्रतिनिधि पहुंच गए हैं।