पधर (मंडी)। बिना बिल और रेट लिस्ट के फल सब्जियां बेच रहे दुकानदारों के खिलाफ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उपमंडल मुख्यालय पधर बाजार में शनिवार को विशेष जांच के दौरान खाद्य निरीक्षक मनोज कुमार ने तीन क्विंटल पैंतीस किलोग्राम फल और सब्जियां दुकानदारों से बिना बिल के जब्त किए। इस दौरान 9260 रुपये का नकद जुर्माना भी वसूला गया। मनोज कुमार ने बताया कि दुकानदार मनमानी से ग्राहकों से सब्जी और फलों के भाव वसूलते हैं। जांच के दौरान किसी भी दुकान में रेट लिस्ट नहीं मिली। जबकि पक्के बिल भी नहीं पाए गए। ऐसे में सख्ती से निपटते हुए कार्रवाई अमल में लाई गई। उन्होंने दुकानदारों को आगाह किया कि रोजाना सब्जी और फलों के भाव की लिस्ट दुकान के सामने लगाएं। इसके साथ ही सब्जी खरीद के पक्के बिल भी साथ रखें अन्यथा इस तरह की कार्रवाई निरंतर रूप से अमल में लाई जाएगी।