मंडी। पड्डल मैदान में रविवार को स्वास्थ्य विभाग मंडी और नामधारी स्पोर्ट्स क्लब के बीच दोस्ताना मैच करवाया गया। इस मैच में नामधारी स्पोर्ट्स क्लब ने पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 15 ओवरों में नामधारी स्पोर्ट्स क्लब ने 7 विकेट के नुकसान पर 105 रन बनाए, जिसमें कुकू ने 34 और सुमन ने 21 रन का योगदान दिया। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कप्तान अमरजीत शर्मा ने 3 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए। डाक्टर दुष्यंत, रविंद्र और आनंद ने एक-एक विकेट लिया। स्वास्थ्य विभाग ने निर्धारित 106 रन का लक्ष्य 14.5 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर पूरा कर लिया। इसमें स्वास्थ्य विभाग की तरफ से राकेश ने 35, डॉ. दुष्यंत ने 21 और डॉ. रवि ने 8 रन का योगदान दिया। नामधारी स्पोर्ट्स क्लब की तरफ से राजेंद्र राजा ने 3, कुकू ने एक और मनी ने एक विकेट लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यह मैच 5 विकेट से जीत लिया। स्वास्थ्य विभाग क्रिकेट टीम के कप्तान ने बताया कि लगभग 10 वर्षों से स्वास्थ्य विभाग की टीम नामधारी स्पोर्ट्स क्लब के साथ दोस्ताना मैच खेलती आ रही है, जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग नामधारी स्पोर्ट्स क्लब का धन्यवादी है। उन्होंने बताया कि लगभग दो वर्षों से मैदान उपलब्ध न होने के कारण कोई भी खेल गतिविधियां नहीं हो रही थीं, लेकिन अब दो वर्षों के बाद नामधारी स्पोर्ट्स क्लब ने फिर से मैदान में खेल गतिविधियां आरंभ की हैं।