सरकाघाट (मंडी)। नगर पंचायत सरकाघाट के वार्ड दो रामनगर में अचानक बिजली का लोड बढ़ जाने से 50 परिवारों के टीवी, फ्रिज सहित अन्य महंगे उपकरण जल गए थे। इसकी शिकायत लोगों ने विभाग से की थी। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच सदस्यीय टीम इसकी जांच के लिए गठित कर दी है। इसमें फोरमैन देवराज, इलेक्ट्रीशियन विनोद कुमार, रोशन लाल, कनिष्ठ अभियंता कुलदीप कुमार शामिल हैं। टीम ने कार्रवाई करते हुए वीरवार सुबह ही रामनगर के क्वार्टरों और निजी व सरकारी आवासों में छापामारी की और इस दौरान उन्होंने सैकड़ों पानी गर्म करने वाली रॉड को जब्त कर लिया है। कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि अधिकतर बाहरी क्षेत्रों से आने वाले कामगारों के क्वार्टरों में पानी गर्म करने की अधिक रॉड मिली हैं और कई सरकारी संस्थानों में भी रॉड का प्रयोग किया जाता है। इन रॉड के कारण ही शाट सर्किट और लोड कम अधिक होता है। उन्होंने बताया कि इसी के कारण लोगों के उपकरण जले हैं। उन्होंने लोगों को हिदायत दी है कि कोई भी पानी गर्म करने के लिए रॉड का प्रयोग न करे नहीं तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।