अमर उजाला ब्यूरो
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर क्षेत्र में बढ़ते यातायात के दबाव के चलते और आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं के मद्देनजर नगर परिषद सुंदरनगर की ओर से शहर में चार स्थानों पर फुट ब्रिज का निर्माण करने का निर्णय लिया गया है। नगर परिषद की ओर से हालांकि यह कवायद करीब एक वर्ष शुरू कर दी गई थी, जिसके लिए शहरी विकास विभाग की ओर से बाकायदा सर्वे भी किया गया था। लेकिन, शहरी विकास विभाग ने फुट ब्रिज के निर्माण को लेकर अपने हाथ खींच लिए हैं और यह कार्य नगर परिषद को अपने स्तर पर करने के लिए कहा। इसके चलते यह योजना सिरे नहीं चढ़ पाई है। इसके बाद नगर परिषद ने अपने स्तर पर इनका निर्माण करवाने का निर्णय लिया है। इन फुट ब्रिजों के बनने से शहरवासियों सहित यहां आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। गौरतलब है कि नगर परिषद की ओर से फुट ब्रिजों के निर्माण को लेकर बाकायदा निरीक्षण कर चार स्थानों को चिन्हित किया गया है। इसको लेकर शहरी विकास विभाग से अनुदान राशि प्राप्त करने के लिए भेजा प्रपोजल मंजूर नहीं हुआ। ऐसे में बजट के अभाव के कारण एक साल से इनका निर्माण शुरू नहीं हो पाया, लेकिन अब नगर परिषद की योजना के अनुसार शीघ्र इनके निर्माण को लेकर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नगर परिषद की ओर से चिन्हित किए गए इन स्थानों में चतरोखड़ी, लोनिवि विश्राम गृह चौक, भोजपुर तथा बस स्टैंड की साइट शामिल हैं। चिन्हित किए गए स्थानों पर भारी यातायात के कारण लोगों को अक्सर सड़क पार करने के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शहर में इन फुटब्रिजों के निर्माण से शहरवासियों तथा यहां आने जाने वाले लोगों को जहां सड़क पार करने के लिए सुविधा मिलेगी, वहीं इससे आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं के ग्राफ में भी गिरावट आएगी। लोनिवि विश्राम गृह में स्कूली बच्चों से सड़क पार करवाने के लिए यातायात को कुछ समय के लिए रोकना पड़ता है। लेकिन, फुट ब्रिज निर्माण से यहां स्कूली बच्चे भी आसानी से सड़क को आर-पार कर पाएंगे। नगर परिषद की ओर से विशेषकर उन स्थानों का फुट ब्रिज निर्माण के लिए चयन किया गया है, जो अत्यंत व्यस्त चौक हैं तथा जहां लोग अक्सर सड़क आर-पार करते हैं और उनके हर समय दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अशोक शर्मा का कहना है कि फुट ब्रिज निर्माण को लेकर सर्वे कर साइट चयनित कर ली गई है। शहरी विकास विभाग की ओर से अपने स्तर पर इनका निर्माण करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर परिषद शीघ्र निर्माण कार्य को लेकर प्रक्रिया शुरू करेगी।