गोहर (मंडी)। सिराज विधानसभा क्षेत्र की बालीचौकी तहसील के लोगों को अब हफ्ते में चार दिन नहीं बल्कि पूरे सप्ताह एसडीएम कार्यालय की सुविधा मिलेगी। प्रदेश सरकार ने यहां पर एसडीएम के कार्य दिवस बढ़ाकर सात दिन कर दिए हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी। क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधी मामलों, वाहन पंजीकरण और प्रशासनिक कार्यों के लिए गोहर के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। इस संबंध में कार्मिक विभाग ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। इसके तहत एसडीएम गोहर को अब महीने के एक हफ्ते बालीचौकी में बैठने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए बालीचौकी में राजस्व रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने की मांग की है। जिला परिषद सदस्य संतराम के अलावा हेम सिंह ने कहा कि बिना राजस्व रिकॉर्ड के एसडीएम मात्र विजिटर बनकर रह जाता है और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। उधर, अधिसूचना की पुष्टि डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने की है।