एसवीएम ने जीती फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता
शिवरात्रि महोत्सव पर हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं
उपायुक्त ने मेधावी बच्चे किए सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। शिवरात्रि महोत्सव के समापन पर बच्चों की विभिन्न प्रकार की खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मंडी ऋग्वेद मिलिंद ठाकुर ने की। कार्यक्रम समन्वयक लतेश ने बताया कि मेले के दौरान बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इस दौरान जिले के विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों बच्चों ने भाग लिया। इसमें प्राथमिक समूह गान, माध्यमिक समूह गान, फैंसी ड्रेस प्राइमरी और फैंसी ड्रेस माध्यमिक प्रतियोगिता और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्यातिथि ने मेधावी बच्चों को इनाम वितरित किए। समूह गान प्रतियोगिता में डीएवी आर्य समाज प्रथम, सरस्वती विद्या मंदिर महाजन बाजार द्वितीय और स्वामी विवेकानंद स्कूल रामनगर तृतीय स्थान पर रहा। माध्यमिक स्तर के समूहगान में सीनियर सेकेंडरी बाल स्कूल मंडी प्रथम, स्नातन धर्म विद्या मंदिर द्वितीय, जबकि माध्यमिक स्कूल पड्डल और एसवीएम रामनगर तृतीय स्थान पर रहा। फैंसी ड्रेस की प्राइमरी प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर प्रथम, इंडस ग्लोबल स्कूल द्वितीय और डीएवी खलियार तृतीय स्थान पर रहा। फैंसी ड्रेस की माध्यमिक स्तर की प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर महाजन बजार स्कूल प्रथम, गुरु गोबिंद स्कूल द्वितीय और स्वामी विवेकानंद स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। रंगोली प्रतियोगिता में अवनादिता ग्रुप प्रथम और हेमवर्मा द्वितीय स्थान पर रही।