सुंदरनगर (मंडी)। 56वीं अखिल भारतीय शास्त्र प्रतियोगिता के लिए कांगड़ा जिले के गरली स्थित राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान के वेद व्यास परिसर में हुए चयन में सुंदरनगर के राजकीय संस्कृत कालेज के छात्रों ने अपनी प्रतिभा की धाक जमाई। 56वां अखिल भारतीय शास्त्र स्पर्धा का आयोजन 18 जनवरी 2018 को अगरतला (त्रिपुरा) में होना है। जिसमें हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए सुंदरनगर के राजकीय संस्कृत कालेज के छात्र गेव राम और अजय कुमार का चयन किया गया है। राजकीय संस्कृत कालेज सुंदरनगर के प्रवक्ता ज्ञानेश्वर शर्मा ने बताया कि चयन प्रक्रिया में साहित्य भाषण प्रतियोगिता में सुंदरनगर के राजकीय संस्कृत कालेज का छात्र गेव राम और न्याय भाषण प्रतियोगिता में अजय कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि व्याकरण भाषण प्रतियोगिता में सुंदरनगर की राजन देवी द्वितीय स्थान पर और सांध्य योग भाषण प्रतियोगिता में सुनील कुमार तृतीय स्थान पर रहा। ज्योतिष श्लोक परीक्षा में सुंदरनगर की चांदनी शर्मा द्वितीय और गीता कंठ पाठ में सुंदरनगर की ही नेहा शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। उन्होंने बताया कि राजकीय संस्कृत कॉलेज सुंदरनगर की छात्रा स्वाति का धातु रूप कंठ पाठ में, ऋषभ शर्मा का अष्टध्याय कंठ पाठ में तथा सोनम आंगमो और अंकिता का स्फूर्ति स्पर्धा में प्रदर्शन सराहनीय रहा है। इस आयोजन में सुंदरनगर के राजकीय संस्कृत कालेज के 10 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर अपना व अपने संस्थान का नाम रोशन किया।