लडभड़ोल (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लांगणा में व्यावसायिक शिक्षा के तहत सुरक्षा विषय के 10 छात्र-छात्राएं ऑन-जॉब ट्रेनिंग के लिए रवाना हुए। विद्यालय के प्रधानाचार्य बालक राम भारद्वाज ने हरी झंडी दिखाकर दल को श्री साई यूनिवर्सिटी पालमपुर के लिए रवाना किया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता बेहद जरूरी है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षा प्रबंधन, आधुनिक तकनीकी उपकरणों के संचालन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तौर-तरीकों को जमीनी स्तर पर सीखने का अवसर मिलेगा, जो भविष्य में उनके कॅरिअर को नई दिशा देगा। विद्यार्थियों के साथ मार्गदर्शन के लिए शिक्षक संजीव ठाकुर और सुमिता देवी भी रवाना हुए हैं। वे पूरी ट्रेनिंग के दौरान बच्चों का मार्गदर्शन करेंगे। इस व्यावहारिक प्रशिक्षण को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। संवाद