उदयपुर/रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। जिला कुल्लू के धार्मिक एवं पर्यटन स्थल बिजली महादेव के लिए यंग ड्रुकपा एसोसिएशन (वाईडीए) गरशा 23 फरवरी को नौवीं ईको पदयात्रा करेगी। यात्रा में शाढ़ाबाई गोंपा के बौद्ध गुरु छोगौन रिंपोछे, सोमंग रिंपोछे, कुुल्लू एवं लाहौल-स्पीति और किन्नौर के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहेंगे। इस दौरान बिजली महादेव में सफाई अभियान चलाया जाएगा। यह बात वाईडीए गरशा के अध्यक्ष सुशील ने कही। उन्होंने कहा कि 23 फरवरी को ईको पदयात्रा का शुभारंभ छोगौन रिंपोछे और सोमंग रिंपोछे एवं उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग करेंगे। पदयात्रा कुल्लू के भूतनाथ से सुबह 7:30 बजे शुरू होगी। बिजली महादेव में विश्व शांति के लिए विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए सफाई अभियान चलाया जाएगा।
वाईडीए गरशा के प्रेस सचिव कुंगा बौद्ध ने कहा कि संस्था लिव टू लव के साथ मिलकर लाहौल और कुल्लू के धार्मिक स्थानों पर ईको पदयात्रा आयोजित कर रही है। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर स्वच्छता अभियान चलाना है। संवाद