कुल्लू में मतगणना केंद्र के बाहर रूझान के बाद जोड़ जमा में जुटे लोग।-संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू। विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह को देखने को मिला। मतगणना वीरवार सुबह आठ बजे शुरू हुई लेकिन कार्यकर्ता पसंदीदा प्रत्याशी का चुनाव परिणाम जानने के लिए आठ बजने से पहले ही मतगणना केंद्रों पर पहुंच गए थे।
इन दिनों घाटी में सुबह और शाम कड़ाके की ठंड है। इसके बावजूद कार्यकर्ता आधा घंटा पहले ही मतगणना केंद्रों में पहुंचे। कुल्लू विधानसभा के लिए कुल्लू कॉलेज, मनाली विधानसभा के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मनाली और बंजार विधानसभा में वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बंजार में मतगणना हुई। इन केंद्रों के बाहर सुबह के समय कार्यकर्ताओं का जमावड़ा देखने को मिला।
सुबह जैसे-जैसे 10:00 बजे तक चुनाव के रुझान से स्पष्ट होती गई, कार्यकर्ताओं की संख्या में इजाफा होता रहा। खास बात यह रही कि मतगणना पूरी होने तक कार्यकर्ता मतगणना केंद्रों के बाहर डटे रहे। जिला निर्वाचन विभाग की ओर से मतगणना की जानकारी देने के लिए लाउडस्पीकर लगाए थे। इसके माध्यम से कार्यकर्ता पल-पल की अपडेट लेते रहे। इसके साथ सोशल मीडिया, व्हाट्सएप से जानकारी शेयर भी करते रहे।
कार्यकर्ता चुनाव परिणाम जानने के लिए मतगणना के एक दिन पूर्व ही सभी उपमंडल मुख्यालयों में पहुंच गए थे। चुनाव में जीत के बाद जहां विजयी उम्मीदवार के प्रत्याशियों ने खूब जश्न मनाया। अन्य प्रत्याशियों के कार्यकर्ता शांतिपूर्वक ही मतगणना केंद्रों से लौट गए। बहरहाल चुनाव परिणाम जानने के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह रहा।