कुल्लू के जरड़ डाइट सेंटर में आयोजित प्रशिक्षण में भाग लेते अध्यापक।
कुल्लू। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) कुल्लू में क्षमता विकास पर कार्यशाला चल रही है। इसमें शिक्षा खंड आनी और निरमंड के शिक्षक पठन-पाठन को रुचिकर बनाने की कला सीख रहे हैं। कार्यशाला के चौथे दिन वीरवार को कार्यशाला समन्वयक शमशेर ठाकुर ने शिक्षकों को नौ समूहों में विभाजित किया। इसके बाद पठन-पाठन को रुचिकर बनाने के लिए इन समूहों से क्रियात्मक कार्य करवाए।
डॉ. चमन ने विद्यालय नेतृत्व और टीम बिल्डिंग पर शिक्षकों को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि सहकर्मियों को साथ लेकर स्कूल से संबंधित विकास एवं शिक्षा के कार्य करेंगे, तो इससे कार्य के परिणाम बेहतर मिलेंगे। उन्होंने कुछ गतिविधियां करवाकर नेतृत्व क्षमता के विकास की जानकारी दी।
कहा कि शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में एक अध्यापक लीडर की भूमिका अदा कर सकता है। डाइट के प्रवक्ता श्याम लाल हांडा ने स्टूडेंट सपोर्ट सिस्टम की शिक्षकों को जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थी को कैसे मिलता है, पात्रता की योग्यता कैसे तय की जाती है। कार्यशाला के अंत में स्रोत व्यक्ति कमल शर्मा ने सतत समग्र मूल्यांकन और राष्ट्रीय उपलब्धि परीक्षा के बारे में जानकारी दी। संवाद