न्यूली (कुल्लू)। ग्राम पंचायत गाड़ापारली के शाक्टी, मरोड़, शुगाड़ और कुटला गांव आज भी सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाए हैं। शाक्टी और मरोड़ गांव के लिए ग्रामीणों को तीन से चार घंटे का सफर पैदल तय करना पड़ता है। कई बार ग्रामीणों की ओर से सड़क की मांग की गई। ग्रामीणों को आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला।
ग्रामीणों को राशन आदि सामान पीठ पर उठाकर घरों तक पहुंचाना पड़ता है। सेब और अन्य फसलें भी पीठ पर उठाकर ही सड़क तक पहुंचानी पड़ती हैं। ग्रामीणों की मांग है कि खोतूपात्थर से शुगाड़ के लिए तार स्पेन (ऐसा पुल जिसमें ट्राली से दूसरी जगह सामान पहुंचाया जा सके) बनाया जाए।
कम से कम उन्हें सामान पीठ पर उठाने से तो राहत मिलेगी। वार्ड पंच निर्मला देवी, हीरा चंद, डोले राम, तीर्थ राम, जीत राम, शेर सिंह, राम चंद, लाल ठाकुर आदि ने कहा कि गांव के लिए बिजली की लाइन भी नहीं पहुंच पाई है। सोलर लाइटों से ही घरों में रोशनी जल रही है। सड़क के लिए सरकारी स्तर पर औपचारिकताएं ही पूरी की जा रही हैं।
सड़क मिलने में उन्हें समय लगेगा लेकिन ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए तार स्पेन बनाया जाए। इससे दुर्गम गांव के लोगों को सुविधा मिलेगी। इस विषय को लेकर ग्रामीण उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग से भी मिलेंगे। उपायुक्त के समक्ष समस्या को रखा जाएगा।