होटलियर एसोसिएशन के चुनाव से गरमाई सियासत
एसोसिएशन के पदाधिकारियों का फैसला करेंगे 568 मतदाता
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन नगरी में होटलियर एसोसिएशन के चुनाव से सियासत गर्मा गई है। वीरवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान होगा।
चुनाव नतीजे तय करेंगे कि इस बार होटलियर एसोसिएशन की कमान कौन संभालेगा। 568 मतदाता एसोसिएशन के पदाधिकारियों का फैसला करेंगे। बुधवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उम्मीदवारों ने खूब पसीना बहाया। एक-एक सदस्य के पास पहुंचकर अपने पक्ष में वोट डालने की अपील की। होटलियर एसोसिएशन मनाली के कुल छह पदों में से चार का निर्विरोध चयन हो गया है जबकि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर चुनाव हो रहे हैं। अध्यक्ष पद पर एक ही पंचायत के दो ठाकुरों में टक्कर होगी। उपाध्यक्ष पद पर भी मुकाबला कड़ा होने के आसार है। वीरवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा जबकि इसके बाद मतों की गणना होगी। अध्यक्ष पद पर रोशन ठाकुर और सुभाष ठाकुर के बीच कांटे की टक्कर है। रोशन ठाकुर पूर्व में उपाध्यक्ष रहे हैं। उन्हें कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का साथ है तो सुभाष को भी कम नहीं आंका जा सकता। पूर्व अध्यक्ष अनूप ठाकुर भी उनके चुनाव प्रचार में कूद पड़े हैं। दूसरी ओर उपाध्यक्ष पद पर मान चंद और रमेश ठाकुर में सीधा मुकाबला है। बहरहाल, वीरवार को मतदान के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की तस्वीर साफ हो जाएगी। तहसीलदार एवं प्रशासक अनिल राणा ने बताया कि चुनाव की तैयारी पूरी कर ली गई है। 568 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे।