मनाली/कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली में आलू ग्राउंड के पास शनिवार को एक वोल्वो बस और कार में टक्कर होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में घायल मंडी जिले के कार चालक ने मनाली अस्पताल में दम तोड़ा। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को शाम 5:10 बजे आलू ग्राउंड के पास मनाली से दिल्ली जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की हिम सुता वोल्वो बस और पतलीकूहल से मनाली की ओर आ रही एक आल्टो कार में टक्कर हो गई। वोल्वो बस और कार की टक्कर में कार चालक केशव राम (53) पुत्र झानू राम, निवासी छोछल, तहसील पधर, जिला मंडी को गंभीर चोटें आईं। घायल को उपचार के लिए मनाली अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल की पुलिस ने फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।