मनाली (कुल्लू)। पुलिस थाना मनाली की डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम ने मॉडल टाउन स्थित एक निजी होटल में दबिश देकर दो युवकों को 8.20 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत दिवस उपनिरीक्षक जय सिंह, सह प्रभारी डिटेक्शन सेल कुल्लू की अगुवाई में टीम ने एक निजी होटल में कमरों की तलाशी ली। इस दौरान कमरे में मौजूद दो युवकों के कब्जे से 8.20 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान पंकज राणा निवासी गांव एवं डाकघर मतयाड़, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा और विवेक पठानिया निवासी गांव छात्र, डाकघर ब्रांग, तहसील धर्मपुर, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने 26 नवंबर को दोनों के खिलाफ पुलिस थाना मनाली में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।