केलांग/उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। प्रदेश के दुर्गम क्षेत्र स्पीति घाटी के बाशिंदों सहित पर्यटकों को मनाली, कुल्लू की ओर आवाजाही में अब जल्द टैक्सियों के महंगे सफर से राहत मिलेगी।
हिमाचल पथ परिवहन निगम केलांग डिपो शनिवार, रविवार को कुंजम दर्रा (14,931) के रास्ते कुल्लू-काजा के बीच बस का ट्रायल करेगा। मार्ग सही होने पर निगम ने सोमवार से नियमित कुल्लू-काजा के बीच बस चलाने का फैसला लिया है। मई, जून में मौसम ने हर तरफ सड़कों की बहाली में खलल डाला।
ग्रांफू-काजा मार्ग पर एक जून से छोटे वाहनों की आवाजाही है। सीमा सड़क संगठन मार्ग को दुरुस्त करने का निरंतर प्रयास कर रहा है। स्पीति घाटी के लोग भी कुंजम दर्रा के रास्ते जल्द काजा-कुल्लू के बीच बस सेवा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। अभी इस मार्ग पर छोटे वाहनों की आवाजाही से यात्रियों को टैक्सी का किराया प्रति सवारी स्पीति से मनाली 1,500 रुपये देना पड़ रहा है। ब
स सेवा शुरू होने से यात्री काजा-कुल्लू के बीच 224 किमी का सफर 500 रुपये देकर कर सकते हैं। इस रूट के सफर में कुल 11 घंटे लगते हैं। स्पीति घाटी के नवांग, तंजिन और वंज्ञाल ने बताया कि इस मार्ग पर आठ माह बाद भी बस सेवा शुरू नहीं हुई है। कुंजम दर्रा होते हुए काजा-ग्रांफू के रास्ते मनाली, कुल्लू का सफर नजदीक पड़ता है। ऐसे में स्पीति घाटी के लोगों को इस मार्ग से सफर नजदीक होने के चलते बस सेवा शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है।
..........
शनिवार को कुल्लू-काजा रूट पर बस का ट्रायल किया जाएगा। मार्ग सही पाए जाने पर इस रूट पर सोमवार से नियमित बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।
-अंशित शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक केलांग डिपो