नगलाड़ी-शरची सड़क पर सफर खतरनाक
पेचवर्क नहीं कर रहा लोक निर्माण विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुशैणी (कुल्लू)। उपमंडल बंजार के तहत आने वाली तीर्थन घाटी की 17 किलोमीटर नगलाड़ी-शरची सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। बदहाल सड़क के चलते ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग सड़क में पेचवर्क नहीं कर रहा है जबकि ग्रामीणों ने कई बार लोक निर्माण विभाग से पेचवर्क करवाने का आग्रह किया है। ग्राम पंचायत शरची की प्रधान रामेश्वरी ठाकुर, उप प्रधान सुरेंद्र ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य लीला देवी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य प्रेम लता शर्मा, उदय शर्मा, तिलक राज, देवेंद्र ठाकुर आदि ने कहा कि कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। ऐसे में वाहनों को चलाना भी जोखिम भरा है। पिछले साल जुलाई में आई आपदा के बाद पांच किलोमीटर सड़क की हालत काफी खराब हो गई थी। हालांकि अब लोक निर्माण विभाग ने शरची तक सड़क को वाहन के चलने योग्य कर दिया है लेकिन सड़क दुरुस्त न होने के कारण इसमें कभी भी हादसा हो सकता है। उन्होंने सड़क को जल्द दुरुस्त कर जनता को राहत प्रदान करने की मांग की है अन्यथा ग्रामीणों को सख्त कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ेगा। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कीर्तिमान ने कहा कि ठेकेदार को पेचवर्क करने के बारे में कहा गया है। जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा।