कुल्लू। परिवहन विभाग कुल्लू के पास दो इलेक्ट्रिक वाहन पहुंच गए हैं। शिमला से दो गाड़ियां मंगलवार को कुल्लू पहुंचीं। आरटीओ और अन्य अफसर इन इलेक्ट्रिक वाहनों में सफर करेंगे।
इलेक्ट्रिक वाहनों को चलाने के लिए विभाग की ओर से चालकों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। इसके लिए पिछले दिनों चालकों को बाकायदा शिमला भेजा गया था। प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग को प्रोत्साहन देने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत परिवहन विभाग की ओर से 19 इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद की गई है।
इनमें दो वाहन कुल्लू को मिले हैं। इसके बाद अब अन्य विभागों को भी इलेक्ट्रिक वाहन मिलने की उम्मीद है। इस संबंध में आरटीओ पीसी आजाद ने कहा कि विभाग को दो इलेक्ट्रिक गाड़ियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि जिले में चिह्नित किए चार्जिंग स्टेशनों की औपचारिकताएं पूरी कर जल्द ही इन्हें शुरू कर दिया जाएगा। संवाद