कुल्लू। जिले में बारिश के दो दिन भी बाद भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है। भूस्खलन से अभी भी 29 सड़कों पर यातायात ठप है। शुक्रवार को 37 में से छह सड़कों को लोक निर्माण विभाग ने यातायात के लिए खोल दिया है।
अब निरमंड डिवीजन में भूस्खलन से 20, बंजार में छह, कुल्लू में दो और मनाली डिवीजन में एक सड़क यातायात के लिए बंद है। लोक निर्माण विभाग सड़क बहाली में चार दिनों से जुटा है। सड़कों पर बड़ी-बड़ी चट्टानें आने के कारण लोक निर्माण विभाग के मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इन सड़कों के बंद रहने से ग्रामीण पैदल घर पहुंच रहे हैं और अपनी रोजमर्रा की सामग्री भी पीठ पर उठाकर गांव पहुंच रहे हैं। इससे भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता केके शर्मा ने बताया कि सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विभाग की मशीनें और मजदूर पिछले चार दिनों से सड़क बहाली में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा सड़कों को जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।