सैर के बजाय घंटों तक जाम में फंस रहे पर्यटक
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन नगरी में संकरी सड़क, पुलिस जवानों की कमी और सड़क के किनारे वाहन खड़े होने से ट्रैफिक जाम की समस्या विकराल रूप धारण कर रही है।
वीरवार को मनाली में रांगड़ी से मनाली, मनाली से अलेउ, बाहंग, हिडिंबा मंदिर वाली सड़क पर लंबा जाम लग गया। रांगड़ी से सिमसा को जाने वाली सड़क पफ भी वाहन रेंगते रहे। पर्यटन सीजन के बूम पर आने के बाद समस्या और विकराल हो सकती है। एनएचएआई ने हालांकि नेशनल हाईवे को यातायात के लिए बहाल कर दिया है लेकिन कई जगह अभी भी सड़क तंग है। रांगड़ी में नाली की खोदाई के कारण वीरवार को सुबह सुबह जाम लग गया। यहां सिमसा और वोल्वो बस स्टैंड की तरफ जाम में पर्यटक घंटों तक फंसे रहे। शाम होते ही यह समस्या फिर पैदा हो गई। अलेउ सड़क में भी एकतरफा यातायात होने के कारण वाहनों ली लंबी लाइनें देखी गईं। वोल्वो बस स्टैंड, सिविल अस्पताल मार्ग पर सड़क के किनारे खड़े वाहन जाम की वजह बन रहे हैं। पर्यटन कारोबारी देवराज, लोत राम और जय राम ने कहा कि अभी विंटर सीजन शुरुआती दौर में है। हालात ऐसे ही रहे तो क्रिसमस और नववर्ष पर जाम से निपटना मुश्किल हो जाएगा। डीएसपी केडी शर्मा ने कहा कि जाम से निपटने के लिए जगह-जगह जवान तैनात किए गए हैं।