पर्यटन सीजन के लिए सजने लगे कुल्लू-मनाली के होटल-रेस्तरां
बढ़ने लगेे सैलानी, 15 अप्रैल के बाद गति पकड़ेगा पर्यटन कारोबार
आपदा के बाद पर्यटन व्यवसायियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद,
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। पिछले कुछ दिनों से तापमान में भी वृद्धि दर्ज की जाने लगी है। ऐसे में अब पहाड़ों में सैलानियों की भी भीड़ उमड़ने लगी है। 15 अप्रैल के बाद पर्यटन सीजन भी शुरू हो जाएगा। ऐसे में घाटी के पर्यटन कारोबारी आने वाले समय सीजन को कैश करने की तैयारियों में जुट गए हैं। होटलों में रंग रोगन के साथ कुछ होटलियर होटलों का फर्नीचर भी बदल रहे हैं। यहां तक कि पुराने टीवी सेट के स्थान पर स्मार्ट टीवी लगाए जा रहे हैं। सर्दियों के दौरान ऑफ सीजन के चलते कम किए गए स्टाफ को सीजन के घर से बुलाया जा रहा है। इतना ही नहीं, कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे तीन के किनारे नए सीजन की तैयारी में नए रेस्तरां भी खोले जाने लगे हैं। मनाली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर का कहना है कि बाढ़ के चलते पिछला साल पर्यटन की दृष्टि से लाभदायक नहीं रहा। उससे पहले कोरोना के चलते सब धंधे चौपट रहे। लोग होटलों की पूरी किस्तें तक नहीं दे पा रहे हैं। बावजूद इसके इस बार नई आस और नई उम्मीद के साथ नए सीजन का आगाज करने की तैयारियां जारी हैं। कहा कि इस बार पहाड़ों में अच्छी बर्फबारी हुई है। ऐसे में पर्यटन कारोबार के अच्छा रहने की उम्मीद है। टैक्सी यूनियन मनाली के अध्यक्ष पूर्ण चंद ने कहा कि टैक्सी संचालकों की भी इस बार के समर सीजन पर नजर टिकी है।