कुल्लू। धार्मिक स्थल बिजली महादेव सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद बिजली महादेव की वादियां चांदी सी चमक गई हैं। बिजली महादेव मंदिर में इन दिनों कपाट लगा हुआ है।
बावजूद पर्यटक आनंद उठाने के लिए बिजली महादेव की वादियों में पहुंच रहे हैं। बर्फ के बीच खूब मस्ती कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग बिजली महादेव की वादियों में मस्ती के पलों को अपनों के साथ साझा भी कर रहे हैं। बिजली महादेव में 45 सेंटीमीटर से अधिक बर्फ गिर चुुकी हैं।
स्थानीय पर्यटन कारोबारी गोविंद ने कहा कि बिजली महादेव में एक बार फिर से रौनक लौट आई है। बर्फ देखने की चाह में काफी अधिक संख्या में पर्यटक बिजली महादेव की वादियों में पहुंच रहे हैं। बर्फ पिघलने तक बिजली महादेव की तरफ पर्यटकों के आने का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। वहीं सैंज घाटी के तहत आने वाला शांघड़ का मैदान और लगघाटी का तिउन गांव भी बर्फ से लकदक होने के चलते सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। संवाद