कुल्लू। साइबर ठगी कर लोगों से लाखों रुपये ऐंठने वाले तीन शातिरों को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। शातिरों ने वर्ष 2021 में कुल्लू के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ 28 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया था।
शिकायतकर्ता ने पुलिस थाना भुंतर में इसकी एफआईआर दर्ज करवाई थी। आरोपियों की धरपकड़ के लिए साइबर सेल और पुलिस थाना भुंतर की एक संयुक्त विशेष अन्वेषण टीम का गठन किया गया।
टीम ने तकनीकी जांच में पाया कि मामले में संलिप्त शातिर पश्चिम बंगाल में हैं। इसके बाद टीम पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुई। पश्चिम बंगाल में जाकर टीम ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता पाई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, पेन कार्ड, आधार कार्ड सहित जाली दस्तावेज बरामद हुए। एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि आरोपियों को कुल्लू लाकर गहन पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। संवाद