मून डॉस कसोल वैली क्रिकेट कप के लिए 44 टीमों ने करवाया पंजीकरण
बजौरा खेल मैदान में होगा टूर्नामेंट, जिले की चार घाटियों की टीमें लेंगी भाग
छह नवंबर से शुरू होगी प्रतियोगिता, दिसंबर के पहले हफ्ते तक चलेंगे मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बजौरा खेल मैदान में मून डॉस कसोल वैली क्रिकेट कप करवाया जा रहा है। इसमें जिले की चार घाटियों के क्रिकेट खिलाड़ी भाग लेंगे।
नशे से दूर रहने के उद्देश्य से करवाए जा रहे क्रिकेट वैली कप के लिए 44 टीमों ने पंजीकरण करवा लिया है। टूर्नामेंट 6 नवंबर से शुरू होगा और दिसंबर के पहले सप्ताह तक चलेगा। आयोजकों में अमित ठाकुर, ईशान और पवन ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता करवाने का मकसद युवाओं को नशे से दूर रखना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता रहने वाली टीम को एक लाख रुपये इनाम दिया जाएगा। दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बेहतर बल्लेबाज और गेंदबाज को क्रिकेट शूज, विकेट कीपर को ग्लव्स दिए जाएंगे। प्रतियोगिता मून डांस और युवा मंडल कसोल के प्रतिनिधियों की ओर से करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि बजौरा खेल मैदान में हर साल खेलों का आयोजन किया जाता रहा है। इस बार भी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पार्वती, रूपी, अपर और खराहल घाटी की टीमें भाग लेंगी।