दो पंचायतों के लिए एक ही बस सेवा है उपलब्ध, लोग हो रहे परेशान
ग्रामीणों ने चेताया, दो-तीन दिन में सेवा नहीं मिलती तो प्रदर्शन करेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। उपमंडल उदयपुर के अंतर्गत मयाड़ घाटी के लिए के लिए अतिरिक्त बस सेवा शुरू करने की मांग जोर पकड़ने लगी है।
क्षेत्र के लोगों ने चेतावनी दी है कि दो तीन दिन में क्षेत्र के लिए अतिरिक्त बस सेवा उपलब्ध नहीं करवाई जाती है तो निगम प्रबंधन के खिलाफ हल्ला बोला जाएगा। लोगों का कहना है कि मयाड़ घाटी के लिए अब तक उदयपुर से दिन के 4:30 बजे एक ही बस खंजर तक जाती है। यही बस अगली सुबह 6:00 बजे खंजर से वापस उदयपुर के लिए आती है। एकमात्र बस सेवा होने से तिंगरेट और चिमरेट पंचायत के लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चिमरेट पंचायत प्रधान प्रेम दासी ने बताया कि निगम प्रबंधन ने इस साल मयाड़ घाटी के लिए एकमात्र बस सेवा दी है, जबकि इससे पहले दिन को एक बस 12 बजे भी उदयपुर से चलती थी जो खंजर गांव से वापस उदयपुर आ जाती थी। उन्होंने बताया कि अब मयाड़ घाटी के लिए मात्र एक बस है। यह शाम को 4:30 उदयपुर से खंजर के लिए निकलती है और वह भी वाया चिमरेट, घारी, करपट और छालिंग जाकर फिर खंजर गांव पहुंचती है। उनका कहना है कि अतिरिक्त बस चलाने के लिए बह प्रबंधन से बार बार आग्रह कर चुके हैं, लेकिन कोई असर नहीं हो रहा है।