मनाली। कुल्लू-मनाली वामतट मार्ग पर हरिपुर के समीप नेपाली मूल के एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई है। वह ट्रैक्टर के समीप मृत अवस्था में पाया गया। उसके सिर पर चोट के निशान भी हैं। मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार मनसारी के योगेश ने पुलिस को सूचना दी कि उसके ट्रैक्टर का चालक दीपक ट्रैक्टर के नीचे आ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जिसमें वह पैदल चलने के बाद ट्रैक्टर पर चढ़ता हुआ दिख रहा है। इसके बाद ट्रैक्टर भी कुछ दूरी तक चला। इसके बाद क्या हुआ, इसका पता नहीं चल पाया है। थाना प्रभारी मनाली मनीष ने बताया कि सिर पर चोट के निशान हैं। सीसीटीवी में वह गिरते हुए नहीं दिख रहा। लिहाजा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।