मनाली (कुल्लू)। प्रदेश सरकार के वार्षिक बजट से मनाली के होटल व्यवसायी नाराज हैं। होटलियर एसोसिएशन का कहना है कि सरकार ने बजट से पूर्व एसोसिएशन से सुझाव मांगे थे, लेकिन एसोसिएशन की ओर से भेजे गए सुझावों का एक बिंदु भी बजट में शामिल नहीं किया गया। एसोसिएशन की रविवार को हुई कार्यकारिणी की बैठक में इस पर नाराजगी जताई गई।
बैठक में छह मार्च को होने वाले वार्षिक अधिवेशन पर भी चर्चा की गई। अधिवेशन को लेकर रविवार को होटल एसोसिएशन ने बैठक आयोजित की। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन छह मार्च को रखा गया है। कहा कि बजट से पहले प्रदेश सरकार ने एसोसिएशन से पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सुझाव मांगे थे।
सुझावों पर कोई गौर नहीं हुआ। मात्र आलू ग्राउंड में हेलीपोर्ट बनाने की बात कही है, जो पर्यटन कारोबारियों के साथ मजाक करने जैसा है। उन्होंने कहा कि नए पर्यटन स्थल विकसित करने, पार्किंग बनाने, सड़कों की हालत सुधारने जैसे सुझाव सरकार को दिए थे। मनाली में पर्यटकों का ठहराव अब मात्र दो दिन ही रह गया है।
मनाली आने वाला पर्यटक कम से कम चार दिन रुकेगा, तो ही पर्यटन कारोबारियों को लाभ होगा। बैठक में महासचिव निहाल चंद ठाकुर, चीफ पैटर्न गजेंद्र ठाकुर, प्रेस सचिव मनु शर्मा, गौरव ठाकुर, मान चंद सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। संवाद