कुल्लू महाविद्यालय के प्राचार्य को विद्यार्थियों की समस्या से अवगत करवाते एबीवीपी के कार्यकर्?
- फोटो : Kullu
कुल्लू। स्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षा में उत्तीर्ण न होने वाले विद्यार्थी अपना विषय बदलना चाहते हैं। विषय बदलने में विद्यार्थियों को समस्या आ रही है। कुल्लू महाविद्यालय प्रबंधन भी विद्यार्थियों की शिकायत नहीं सुन रहा है। विज्ञान और बी.कॉम में उत्तीर्ण न होने वाले विद्यार्थी कला संकाय में प्रवेश लेना चाहते हैं, लेकिन उन्हें प्रबंधन की ओर से प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। यह बात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के इकाई अध्यक्ष सौरव नेगी ने कही।
विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने कुल्लू महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रोशन लाल से विद्यार्थियों की समस्या हल करने को लेकर मुलाकात की। विद्यार्थी परिषद के इकाई सचिव सौरभ नेगी ने कहा कि परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब अपना विषय बदलना चाहते हैं, लेकिन महाविद्यालय प्रबंधन उन्हें सहयोग नहीं दे रहा है।
ऐसे में विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने महाविद्यालय प्राचार्य को विद्यार्थियों की समस्या से अवगत करवाया है। उन्होंने कहा कि प्राचार्य ने विद्यार्थियों की समस्या को हल करने का आश्वासन दिया है। नियमों के आधार पर विद्यार्थियों को विषय बदलने की अनुमति दी जाएगी।