कुल्लू। जिले में त्रासदी के चौथे दिन मंगलवार को भी हालात सामान्य नहीं हुए हैं। लोगों की दुश्वारियां बरकरार हैं। लोग जहां बिजली के लिए तरस रहे हैं, वहीं अब जरूरत का सामान भी नहीं मिल रहा है।
मंडी से सप्लाई नहीं आने पर अंडा, दूध, ब्रेड आदि का स्टॉक दुकानदारों के पास समाप्त हो गया है। मंगलवार को कई दुकानों में लोगों को दूध नहीं मिला। मंडी से कुल्लू के बीच वाहनों की आवाजाही तीन दिन से थमी है। ऐसे में कुल्लू कई जरूरत की वस्तुएं नहीं पहुंच पाई हैं। इसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरी ओर जिले में 150 से अधिक सड़कें बंद पड़ी हैं। बारिश के बाद मंगलवार को मौसम खुलते ही ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने जरूरत की वस्तुओं की खरीदारी के लिए जिला मुख्यालय का रुख किया। लोकल बसें और अन्य छोटी गाड़ियां न चलने के कारण लोगों को मीलों पैदल सफर करना पड़ा।
सामान खरीदने के बाद उन्हें पैदल ही अपने गंतव्य की ओर निकलना पड़ा। पार्वती घाटी, मनाली क्षेत्र के लोग कुल्लू नहीं पहुंच पाए। सामान की खरीदारी के लिए कुल्लू पहुंचे विजय कुमार, संतोष ठाकुर ने कहा कि वे खराहल क्षेत्र से करीब 6 किलोमीटर पैदल चलकर कुल्लू पहुंचे। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली न होने के चलते लोगों के मोबाइल फोन भी शोपीस बन गए हैं। किसी से संपर्क नहीं हो पा रहा है। बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है।
.....
मौसम खुलते ही प्रशासन ने राहत कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। जल्द ही बंद पड़ी सड़कों को बहाल करने के साथ ही बिजली आपूर्ति बिजली को सुचारू कर दिया जाएगा।
-आशुतोष गर्ग, उपायुक्त कुल्लू