बजौरा-मंडी मार्ग पर खड़े माल वाहक वाहन। रोड़ बंद होने से सब्जी और फल बाहरी मंडी तक ले जाने के
कुल्लू। फल और सब्जियों के सीजन को देखते हुए मंडी-कमांद-कटौला-बजौरा मार्ग पर छोटे वाहनों को भेजने के लिए समयसारिणी तय की गई है। साथ ही आवश्यक दैनिक उपभोग की वस्तुओं, ईंधन तथा एलपीजी गैस के आपूर्ति वाहनों को भी आवाजाही के लिए अनुमति दी है। यह बात उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कही।
उपायुक्त ने वीरवार को फल उत्पादक संघ, सब्जी मंडियों के प्रतिनिधियों तथा अन्य हितधारकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कुल्लू-मंडी के बीच पंडोह में राष्ट्रीय उच्च मार्ग को भारी क्षति हुई है। एक सप्ताह से पहले हाईवे के बहाल होने की कोई उम्मीद नहीं है। ऐसे में सारी आवश्यक आवाजाही मंडी-कमांद-कटौला-बजौरा से ही संचालित करनी पड़ेगी।
कहा कि कुल्लू से कटौला की ओर के लिए सुबह 9 से 10 बजे, दोपहर 3 से शाम 7 बजे के बीच केवल छोटे वाहनों तथा छोटे मालवाहक वाहनों को बजौरा से छोड़ा जाएगा। इसी प्रकार कमांद से कुल्लू की ओर रात्रि 9 से सुबह 6 बजे तथा दोपहर 12 से 1 बजे तक वाहनों को छोड़ा जाएगा।
सड़क की बहाली का कार्य लोक निमार्ण विभाग की ओर से रात्रि 8 से 12 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने जनता से प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्वनी कुमार, पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार, एपीएमसी की सचिव शगुन सूद आदि उपस्थित रहे। संवाद
000