कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के पहले तीन दिनों में लोगों की खूब भीड़ उमड़ी, लेकिन उम्मीद के मुताबिक कारोबार नहीं हो पाया है। दशहरा में आए स्थानीय और बाहरी राज्यों के दुकानदारों को अभी खरीदारों का इंतजार है।
मीना बाजार, मेला मैदान और डोम में सजी दुकानों में खरीदार कम पहुंचे हैं। उत्सव के शुरुआती तीन दिनों में कारोबार कम हुआ है। आगामी दिनों में कारोबार बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है। डोम और मीना बाजार में अभी कई दुकानें खाली चल रही हैं। मेला मैदान, मीना मार्केट और क्रिकेट मैदान में दुकानें और डोम लगाए गए हैंं।
इनमें घर की रसोई से लेकर आवश्यक सभी प्रकार का सामान उपलब्ध है, लेकिन अभी लोगों का रुझान खरीदारी की ओर नहीं दिखा है। उत्सव में लोग घूमने आ रहे हैं। दुकानों पर खरीदारी 20 से 30 फीसदी ही हो रही है। दुकानदारों सुनील, मोहित, अश्विनी, शांतनू राम ने कहा कि खरीदारी में लोग दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।
शुरुआती दौर में 30 फीसदी तक कारोबार हुआ है। दशहरा में पहुंचे मोहित, सौरव, अनिल, मोनिका, शिवानी ने कहा कि मेले के अंतिम दिनों में खरीदारी करना उचित रहेगा। संवाद