सैंज के लपाह में भेड़-बकरियां बुखार की चपेट में आने से पशुपालक परेशान हैं। -संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू। सैंज घाटी की दुर्गम पंचायत गाड़ापारली और शैंशर में भेड़-बकरियां बुुखार की चपेट में हैं। भेड़-बकरियों के लगातार संक्रमण की चपेट में आने से समस्या बढ़ रही है। गाड़ापारली पंचायत के लपाह गांव में बुखार से पांच बकरियों की मौत भी हो चुकी है। बढ़ते संक्रमण के कारण भेड़पालकों की परेशानी बढ़ने लगी है। ग्रामीणों ने भेड़-बकरियों के बुखार की चपेट में आने की सूचना पशुपालन विभाग को भी दे दी है।
भेड़पालक लाल सिंह, बलवीर, संजू, कोमदत्त, पविंद्र, नीरत राम, नरोत्तम चंद और यान सिंह ने कहा कि सैंज घाटी की दो पंचायतों में भेड़-बकरियां बुखार और मुंह में फोड़े की बीमारी से ग्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि लपाह, शाक्टी मरोड़, शुगाड़, मेल, मझाण, शैंशर, बनाऊंगी और बागीशाड़ी आदि कई गांवों में बीमारी के लक्षण दिख रहे हैं। उन्होंने भेड़-बकरियों के स्वास्थ्य की जल्द जांच करने की मांग की है।
पशुपालन विभाग कुल्लू के उपनिदेशक डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि भेड़-बकरियों के बुखार की चपेट में आने की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि सैंज के सभी पशु चिकित्सालयों के अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वह संबंधित क्षेत्र में जाकर भेड़-बकरियों की जांच कर दवा दें।