मनाली। उपमंडल अधिकारी मनाली रमण कुमार शर्मा ने शनिवार को वोल्वो स्टैंड से भूतनाथ मंदिर तक चल रहे हाईवे के कार्य का निरीक्षण किया।
उन्होंने हालात का जायजा लेने के बाद एनएचएआई के अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों से काम में तेजी लाने की बात कही। एसडीएम ने एनएचएआई के अधिकारियों को अवगत करवाया कि इस हाईवे के अब तक न बनने और पर्यटक वाहनों की आमद बढ़ने से शहर में ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि हालात को देखते हुए हाईवे को जल्द तैयार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि रविवार शाम तक सड़क एकतरफा वाहनों के लिए तैयार होने की उम्मीद है। इस दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी ने भी चल रहे कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने कहा कि कुल्लू-मनाली हाईवे की जल्द हालत सुधारी जाएगी।