कुल्लू। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुल्लू में पीटीए की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। प्रधान और संयुक्त सचिव के पद के लिए सर्वसम्मति न बनने के कारण मतदान प्रक्रिया करवानी पड़ी।
प्राचार्य डॉ. रोशन लाल की उपस्थिति में शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए नई कार्यकारिणी गठन का प्रयास किया गया, लेकिन प्रधान और संयुक्त सचिव पद के लिए दो-दो दावेदार होने के कारण मतदान करवाना पड़ा।
इसमें उपस्थित प्राध्यापकों और अभिभावकों ने मतदान किया। प्रधान के लिए रोमा देवी को 43 मत मिले, जबकि 32 मत पाकर वीरेंद्र शर्मा दूसरे स्थान पर रहे। हितेश मोदगिल 56 मत प्राप्त कर संयुक्त सचिव बने। मोहन बाली का मात्र 19 मतों से संतोष करना पड़ा।
निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह ने कहा कि नई कार्यकारिणी में रोमा देवी को प्रधान, जोगिंद्र ठाकुर को उपप्रधान, डॉ. हरि सिंह ठाकुर को सचिव, हितेश मोदगिल को संयुक्त सचिव, राजेंद्र सूद को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
प्राध्यापक वर्ग की ओर से प्रो. सोम किशन शर्मा, प्रो. सपना वर्मा, प्रो. प्रोमिला राणा व डॉ. लोकेश सिसोदिया तथा अभिभावक वर्ग की ओर से ओम प्रकाश, चंद्रकला, दोत राम व राजू को कार्यकारिणी का सदस्य चुना गया है, जबकि दबे राम को पीटीए कार्यकारिणी का मुख्य सलाहकार बनाया गया है।
प्राचार्य डॉ. रोशन लाल ने नई कार्यकारिणी के साथ बैठक कर कार्यप्रणाली से अवगत करवाया। इस दौरान नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने महाविद्यालय के विकास में हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया है। संवाद