निकास नालियां बंद होने से सड़कें बन जाती तालाब
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। मुख्यालय कुल्लू की सड़कों की हालत खस्ता हो चुकी है। जिला की मुख्य सड़क (एमडीआर) कुल्लू-भुंतर समेत आसपास की क्षेत्रों में सड़कों पर गड्ढों की भरमार है। कुल्लू-भुंतर सड़क पर ढालपुर से सरवरी तक बड़े-बड़े गड्ढे हैं। किनारे पर निकास नालियों का रखरखाब न होने से भी पानी सड़क पर बहता रहता है, जिसके कारण वाहन चालकों समेत राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। शीतला माता-लोरन-सुल्तानपुर सड़क, अंतरराज्यीय बस अड्डा कुल्लू को जोड़ने वाली दोनों सड़कें खस्ताहाल हैं। इसके अलावा कुल्लू-भुंतर सड़क पर शीतला माता मंदिर से भुट्ठी चौक के बीच सड़क किनारे निर्माण सामग्री फेंकी गई है, जिससे तंग सड़क और ज्यादा संकरी हो गई है और इससे जाम की स्थिति बन रही है। वहीं, हिमाचल पेंशनर फेडरेशन के प्रदेश महासचिव टीडी ठाकुर ने कहा कि पेंशनर लोक निर्माण विभाग से शहर की सड़कों की दशा सुधारने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सकारात्मकता विभाग की ओर से नहीं दिखाई गई है। उन्होंने कहा कि इस बाबत आरटीआई के तहत भी विभाग से जवाब मांगा गया था। इसमें भी गोलमोल उत्तर दिया गया है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ने कहा कि शहर में टारिंग की जा रही है। ढालपुर से ब्यासा मोड़ तक जल्द टारिंग की जाएगी।