उपमंडलाधिकारी बंजार ने किया न्यूली क्षेत्र का दौरा
न्यूली और साभा में खड्ड में भरा मलबा बना है खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली (कुल्लू)। उपमंडल बंजार की सैंज घाटी न्यूली क्षेत्र का उपमंडलाधिकारी पंकज शर्मा ने दौरा किया। उन्होंने सैंज-न्यूली-शैंशर सड़क और न्यूली खड्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि बरसात से पूर्व न्यूली खड्ड में जमा मलबे को हटाया और सैंज-न्यूली-शैंशर सड़क को जल्द दुरुस्त किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने बाकायदा संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए हैं। गौरतलब है कि कुल्लू में विगत वर्ष जुलाई में आई प्राकृतिक आपदा ने सैंज घाटी में कहर बरपाया था। आपदा के कारण न्यूली खड्ड का जलस्तर बढ़ गया था और खड्ड किनारे बसें गांवों और सड़क को नुकसान हुआ था। ऐसे में घाटी के लोग न्यूली खड्ड के तटीकरण और खड्ड में जमा खतरा बने मलबे को हटाने की प्रशासन से मांग कर रहे थे। वहीं, मंगलवार को उपमंडलाधिकारी बंजार ने क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और घाटीवासियों की समस्या का हल करने का आश्वासन दिया। ग्रामीण ठाकुर दत्त, कौल सिंह, मोती राम, शाडू राम ने कहा कि उपमंडलाधिकारी बंजार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को न्यूली खड्ड में जमा मलबे को न्यूली से कोटलू पुल और साभा पुल के 400 मीटर के दायरे में हटाने के निर्देश दिए हैं। कहा कि मलबा हटने से नुकसान का खतरा कम होगा।