कुल्लू के अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल में बर्फबारी के बीच पहुंचे पर्यटक।-संवाद
कुल्लू जिले में 30 सड़कें, बंजार और मनाली में 11 ट्रांसफार्मर ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। सोमवार को दिनभर हुई बारिश ने आपदा में तहस-नहस हुई सड़कों को बहाल करने के लिए चलाया जा रहा राहत कार्य प्रभावित कर दिया।
झमाझम बारिश के बीच एनएचएआई की मशीनें काम नहीं कर पाईं। कुल्लू-मनाली और हाईवे-305 को अभी अस्थायी तौर पर बहाल किया गया है। हाईवे-305 की हालत दयनीय होने से तीन माह से बंजार से आगे बसें नहीं चल रही हैं। इस कारण लोग टैक्सियों में सफर करने को मजबूर हैं। हाईवे बंद होने का असर कुल्लू दशहरा पर पड़ रहा है। यही कारण है कि दशहरा में लोगों की भीड़ अपेक्षा के मुकाबले कम नजर आ रही है। जिले में आपदा से प्रभावित करीब 30 सड़कें अभी बंद हैं। इसके अलावा मनाली, बंजार में कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित चल रही है और लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर अशोक चौहान ने कहा कि बारिश के कारण हाईवे की मरम्मत का काम नहीं हो पाया है। संवाद