कुल्लू। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में चलाए जा रहे दो माह के एचआईवी एड्स जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को स्वास्थ्य खंड नग्गर की ग्राम पंचायत अरछंडी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों और ग्रामीणों को एचआईवी एड्स से बचाव और एचपीवी टीकाकरण की जानकारी दी गई। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कर्णजीत ने कहा कि एचआईवी एड्स गंभीर बीमारी है और इससे बचाव के लिए जागरूकता व सावधानी जरूरी है। लोगों को स्वयं जागरूक होने के साथ दूसरों को भी इसके प्रति सजग करना चाहिए। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि एचआईवी असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई के इस्तेमाल और संक्रमित रक्त चढ़ाने से फैल सकता है। वहीं, 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीका लगाया जा रहा है। यह टीका सुरक्षित है और किशोरियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाने में प्रभावी है। संवाद