केंद्रीय भूतल परिवहन एवं सड़क के क्षेत्रीय अधिकारी ने किया निरीक्षण
पिछले माह दिल्ली में केंद्रीय मंत्री व बीआरओ से मिला था प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। हाईवे-505 पर पोह मैदान से माने होकर बाईपास की मांग धरातल पर उतरती हुई नजर आ रही है। सामरिक महत्व के इस मार्ग का 10 नवंबर को केंद्रीय भूतल परिवहन एवं सड़क के क्षेत्रीय अधिकारी एके कुशवाह सहित सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों ने साइट का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण कर अब मंत्रालय के उच्चाधिकारियों को अवगत करवाने का आश्वासन दिया है। बताया जा रहा है पोह मैदान से शिचलिंग हाईवे-505 जिसका करीब दस किमी का दायरा है, वह जोखिम भरा है। वहीं, यह भूस्खलन से बार-बार बंद रहता है, जिससे यातायात भी प्रभावित होता है। इसको लेकर 29 अक्तूबर को लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा, पूर्व मंत्री फुंचोक राय और पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात की थी। उन्होंने एनएच-505 के तहत आने वाले पोह मैदान से शिचलिंग के विकल्प के बदले पोह मैदान से माने पुल नया बाईपास बनाने की मांग की थी। उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा के साथ सीमा सड़क संगठन के डीजी और एडीजी को भी इसके बारे में अवगत करवाया था। वहीं लियो बाईपास को सीमा सड़क संगठन के अंतर्गत करने, उदयपुर-तिंदी सड़क की दशा को सुधारने और कार्य को शुरू करने सहित कोकसर-छतड़ू बाईपास मार्ग को प्रमुखता से रखा था। यह बाईपास किन्नौर होकर हाईवे-505 भारत-चीन सीमा को जोड़ता है।