न्यूली (सैंज)। सैंज घाटी की चार दुर्गम ग्राम पंचायतों में 28 दिन बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। करीब चार सप्ताह बाद बिजली आने से ग्राम पंचायत शैंशर, देहुरीधार, गाड़ापारली और शांघड़ में लोगों ने राहत की सांस ली है।
इन पंचायतों के ग्रामीणों के लिए न्यूली नदी पर झूला पुल भी बना दिया गया है। झूला पुल लगने से ग्रामीणों को अब 16 किलोमीटर का अतिरिक्त पैदल सफर करने से भी निजात मिली है।
पिछले दो सप्ताह के भीतर देहुरीधार और गाड़ापारली पंचायत से चार मरीजों को उपचार के लिए कुर्सी और पीठ पर उठाकर परिजनों को 40 किलोमीटर तक का पैदल सफर करना पड़ा।
अब झूला पुल लगने से ग्रामीणों की समस्या काफी हद तक कम हुई है। ग्रामीण ठाकुर दत्त, मान सिंह, प्रेम सोनी, टेक राम, तापे राम, ध्यान सिंह, तुलसी राम ने कहा कि न्यूली नदी पर झूला पुल लगने से ग्रामीणों को राहत मिली है। इससे 16 किलोमीटर का पैदल सफर कम हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार जताया है। संवाद